‌‌‌माउथ मीडिया : गोता लगाओ गोता, नीचे है तेल उपर है पानी

1
199

बक्सर खबर। बतकुच्चन गुरु की बात और उनका अंदाज बड़ा निराला है। बीते दिन उनसे शहर में मुलाकात हो गई। हाथों में बड़ा-बड़ा गैलन लिए चले जा रहे थे। एक पीठ पर भी बंधा था। देखकर मुझे बड़ा आश्चर्य हुआ। फक्कड़ सा आदमी किस चक्कर में फस गया है। मैंने टोका जय राम जी, कहां जा रहे हैं गुरु। पलट कर उन्होंने मेरी तरफ देखा और मुस्कुराते हुए बोले। जय राम जी की गुरू, कहां रहते हो, पन्द्रह-पन्द्रह दिन पर मिलते हो। हमने उन्हें बताया सब मंगल है। आप बताइए क्या कर रहे हैं, इ सब बड़ा-बड़ा डब्बा कहां ले जा रहे हैं।

वे हंसने लगे, बोले गंगा नहाए जा रहे हैं। तोके कछु मालुम न है का। हमने इशारे में सर हिलाया तो बोल पड़े। बड़ बुड़बक मनई हो गुरू। पूरा देश में हल्ला है, उपर पानी है नीचे तेल। हम तो एही बदे गैलन खरीदे हैं। जाएंगे डूबकी लगाएंगे। नीचे से तेल निकालेंगे। तोहरे बदे बड़का गैलेने में, छोटका में बंटी बदे। तीसरका के रख देंगे। कवन ठीक है, तेल मिले के खबर फइल रहा है। ससुर यहां गैलन भी महंगा बिकने लगेगा। ओकरा ठीक से रख देंगे। अब हंसने की बारी मेरी थी। क्योंकि बतकुच्चन गुरू मजे हुए उत्साद हैं। उनके मुह से ऐसी बात सुन कर हंसी तो आनी ही थी। मैंने पूछा बड़े में हमारे लिए और छोटे में बंटी के लिए काहे। दोनों को एक बराबर क्यूं नहीं।

वे एक दम से भड़क गए, हमर नेता समझे हो। हम खानदानी आदमी हैं। छोटे पर सीखे हैं, जौन आदमी जइसा हो ओकरा ओइसन खोराक देना चाहिए। तोहार गाडी मोटा है उनका गाड़ी पतला। ए ही बदे हम इ निर्णय लिया हूं। गुरु हमरा बतिया के लेट मत करो। जाने दो हमरा गंगा जी में डूबकी मारना है। सब तेल निकाल लेगा। हमरा गैलन के रुपया डांण हो जाएगा। फिर वे मस्त चाल में अपनी राह चले गए। मैं हंसते हुए लौट आया। शायद बक्सर में तेल मिलने वाली खबर उनको भी पता चली है। लेकिन, बक्सर में कहा, यह बात तो किसी खबर में थी ही नहीं। बेचारे न जाने कहां-कहां तलाश करेंगे, परेशान होंगे। यही सोच के मैं अब तक हंस रहा हूं।( नोट – माउथ मीडिया बक्सर खबर का साप्ताहिक व्यंग कालम है। जो गुरुवार को प्रकाशित होता है। अपने सुझाव आप हमें कमेंट के माध्यम से भेज सकते हैं। )

1 COMMENT

  1. Please, publish columns of local writers also. Invite submissions on your mail select and publish to engage more audience and writers.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here