‌‌‌ साहसी युवक ने तीन अपराधियों को भागने पर किया मजबूर, एक गिरफ्तार

0
2214

-पुलिस ने कहा अपने जिले में दर्ज है पूर्व से एफआईआर
बक्सर खबर। एक युवक की बहादुरी ने अपराधियों को भागने पर मजबूर कर दिया। सिर्फ इतना ही नहीं हुआ। उन शातिरों की पहचान भी हो गई। जो आए दिन जिले के नावानगर इलाके में लूट की वारदात को अंजाम दे रहे थे। इनमें एक बिते दिन बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसका नाम सचिन कुमार पिता अशोक सिंह, ग्राम ननौरा टोला, थाना नावानगर है। पुलिस के अनुसार इसने अपने साथियों संग मिलकर नावानगर इलाके में 16 फरवरी को एक कंपनी के डिलीवरी ब्वॉय को लूट लिया था। उस घटना में इसकी संलिप्तता है। इस अपराधी की पहचान उस बहादुर युवक के वजह से हुई। जिसने गोलियों की परवाह नहीं की और अपराधियों को भागने पर मजबूर कर दिया।

वह घटना 24 फरवरी को सोनवर्षा ओपी से लगे अकरहीं और खैरही गांव के मध्य हुई थी। अपने जिले के ही रहने वाला एक युवक अपनी पत्नी के साथ बाइक से आरा की तरफ रिश्तेदारी में जा रहा था। लेकिन, खैरही गांव से पहले तीन बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें भरी दोपहरी में सुनसान जगह देख लूट लिया। हुआ कुछ यूं कि बाइक पर पति-पत्नी जा रहे थे। दो बच्चे भी उनके साथ थे। डेढ़ वर्ष का नन्हा बालक अपनी मां की गोद में था। तभी चलती बाइक से इन अपराधियों ने उसकी चेन खींच ली। महिला धड़ाम से सड़क पर जा गिरी। वह तो उपर वाले का रहम था जो उनकी जान बच गई।

गिरी महिला पर दो बाइक सवार झपट पड़े। उसके गले की चेन, हाथ की अंगूठी व कान की बाली तक उतार ली। पति ने देखा तो विरोध किया। लेकिन, उन लोगों ने उसके उपर गोली दाग दी। लेकिन, उसने तमंचे वाले युवक का हाथ पकड़ मोड दिया। उसने तीन चक्र गोलियां दागी लेकिन, युवक बच गया। तीनों अपराधी उसके उपर पील पड़े। लेकिन, साहसी युवक ने अपनी और अपराधियों की बाइक की चाबी गाड़ी से निकाली और सड़क किनारे पानी में फेंक दी। इतने में कुछ और वाहन वहां पहुंच गए। अपनी जान बचाने के लिए अपराधी बाइक छोड़ वहां से भाग खड़े हुए। सूचना पर वहां अगियांव और सोनवर्षा दोनों की पुलिस पहुंची। हालांकि घटना स्थल से अगियांव इलाके में था। इस लिए इसकी प्राथमिकी वहां दर्ज की गई है। इसकी जानकारी गुरुवार को एएसपी राज ने मीडिया को दी। सूत्रों से यह भी जानकारी मिली है कि बरामद बाइक भी चोरी की है। जिस पर अपराधियों ने पटना का फर्जी नंबर प्लेट लगा रखा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here