बेवजह कृतपुरा गांव में चली गोली, मौके से खोखा बरामद

0
2347

– पुलिस ने दर्ज की मनबढ़ के खिलाफ प्राथमिकी
बक्सर खबर। कृतपुरा गांव के पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार की रात बंदूक तन गई। गोलियां भी चली लेकिन, उससे कोई हताहत नहीं हुआ। क्योंकि ऐसा करने वाला गोलियां हवा में ही चला रहा था। इसकी सूचना वहां मौजूद बबलू राय ने फोन द्वारा एसपी को दी। घटना बुधवार की रात नौ बजे के आस-पास की है। एसपी मनीष कुमार स्वयं ही उस समय निरीक्षण पर निकले थे। तुरंत ही मौके पर पहुंच गए। और उनके आगमन की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की टीम भी भागी-भागी वहां पहुंच गई। जांच के दौरान वहां से एक कारतूस का खोखा मिला। इसकी शिकायत करने वाले बबलू राय ने बताया कि हम लोग पंप पर बैठे थे। अमन राय एक कार से आए और सड़क पर गाड़ी खड़ी कर गालियां देने लगे।

हम लोग हैरान थे, आखिर क्या वजह से वे ऐसा कर रहे हैं। कुछ देर बाद उन्होंने गाड़ी से हथियार निकाला और दानदन तीन गोलियां दाग दी। अमन राय राजपुर थाना के जलहरा गांव के निवासी हैं। शहर में भी उनका अपना ठिकाना है। पुलिस ने उनकी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और अमन राय की तलाश शुरू हो गई है। क्योंकि आजकल पुलिस गोली चलाने वालों के खिलाफ सख्त है। इस सिलसिले में बबलू राय से बक्सर खबर ने संपर्क साधा। तो उन्होंने कहा अकारण ऐसा हुआ। हम लोग स्वयं ही हैरान हैं। क्या इस घटना के पीछे बालू के धंधे का कोई विवाद है? इस सवाल को उन्होंने खारिज करते हुए कहा ऐसी कोई बात नहीं। हालांकि अमन राय का पक्ष इस सिलसिले में ज्ञात नहीं हो सका है। लेकिन, पुलिस ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी से उनका फुटेज निकाल लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here