महज 6 घंटे में अपहरण का खुलासा, फिरौती मांगने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार

0
3004

पुलिस की घेराबंदी देख युवक को छोड़ भागे अपहरणकर्ता, यूपी ले जाने की थी तैयारी                                        बक्सर खबर। स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपहरण के एक संवेदनशील मामले का महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने न केवल अपहृत युवक को सकुशल बरामद किया, बल्कि इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन अभियुक्तों को भी दबोच लिया है। घटना रविवार की है। भोजपुर जिले के मसाढ़ निवासी रामबाबू यादव ने पुलिस को आवेदन देकर बताया कि उनका भतीजा रितेश कुमार उर्फ मनीष कुमार शमशान घाट से लौट रहा था। इसी दौरान नाथ बाबा मंदिर के समीप अज्ञात अपराधियों ने उसे जबरन बाइक पर बैठाया और फरार हो गए। अपहरण के कुछ ही देर बाद रितेश के भाई विशाल के पास फिरौती के लिए फोन कॉल आया, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर सदर एसडीपीओ गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से त्वरित छापेमारी शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले औद्योगिक थाना क्षेत्र के गगौरा से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उनके तीन अन्य साथी अपहृत युवक को उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने गोलम्बर के पास सघन घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख अपराधी घबरा गए और गोलम्बर से कुछ ही दूरी पर युवक को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने रितेश को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया है।

पुलिस ने इस मामले में औद्योगिक थाना क्षेत्र के उपेन्द्र कुमार, पिता- धनजी यादव निवासी बड़की सारिमपुर, अजीत मांझी, पिता- शिववचन मांझी निवासी रामोबरिया और धीरेन्द्र राम, पिता- सुमेर राम निवासी उमरपुर को गिरफ्तार किया है। इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में एसडीपीओ गौरव पाण्डेय, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार, चन्दन कुमार, राजीव रंजन और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। उक्त मामले की जानकारी एसपी शुभम आर्य ने सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने कहा कि अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्रोफेशनल तरीके से काम किया। फरार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। नगर थाना में कांड संख्या 185/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here