किसान हत्याकांड का मुख्य आरोपी मनन तिवारी समेत तीन गिरफ्तार

0
3025

गेहूं के खेत में हुई थी हत्या, हार्वेस्टर मालिक और चालक भी दबोचे गए                                                          बक्सर खबर। जिले के नैनीजोर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घटना के मुख्य अभियुक्त मनन तिवारी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा की गई। बीती चार अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि मुन्ना यादव के पिता तारकेश्वर यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई, वे खेत में गेहूं की कटाई कर रहे थे। घटना का आरोप मनन तिवारी और उनके सहयोगियों पर लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया और नैनीजोर थाना में कांड सं.- 27/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

पुलिस टीम ने सूचना के सत्यापन के बाद आरोपियों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने कांड के मुख्य अभियुक्त मनन तिवारी के साथ-साथ हार्वेस्टर मालिक राकेश कुमार उर्फ मुन्ना निवासी- कोयल, थाना- चरपोखरी, जिला भोजपुर और हार्वेस्टर चालक मोन्टी निवासी- सराई, थाना- खुटार, जिला- शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने हत्या की इस वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उक्त मामले की जानकारी एसपी शुभम आर्य ने सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार मनन तिवारी निवासी- विशुपुर, थाना- नैनीजोर इनका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें मद्य निषेध, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी के करीब 8 मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस ने घटनास्थल और आरोपियों के पास से एक खोखा, एक बुलेट, तीन मोबाइल फोन, एक हार्वेस्टर, एक मोटरसाइकिल और एक लोहे का रड बरामद की हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। घटना में शामिल अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इस सफल उद्भेदन में डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार, अंचल निरीक्षक ओमप्रकाश कुमार, नैनीजोर थानाध्यक्ष सुरेन्द्र बैठा, मुरलीधर पासवान, अरविन्द दूबे, महेश पाण्डेय, ब्रह्मदेव तुरी और डीआईयू की टीम के साथ सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here