भगवान निषाद राज की जयंती समारोह भारी जनभागीदारी के बीच संपन्न बक्सर खबर। भगवान निषाद राज की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार की संध्या नगर के मलहचकिया स्थित एक मैरिज हॉल में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निषाद समाज के लोगों की भारी भागीदारी देखने को मिली। समारोह की मुख्य अतिथि बिहार सरकार की पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री रमा निषाद रहीं। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भगवान निषाद राज के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अपने संबोधन में मंत्री रमा निषाद ने कहा कि भगवान निषाद राज केवल साहस के प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और मित्रता के सर्वोच्च आदर्श हैं। उन्होंने निषाद समाज से शिक्षा को प्राथमिकता देने, तकनीकी विकास को अपनाने और कौशल आधारित कार्यक्रमों में भागीदारी बढ़ाने की अपील की। साथ ही उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने और युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनने पर जोर दिया। केंद्र सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की भी बात कही।
समारोह की अध्यक्षता भाजपा मत्स्यजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक विवेक चौधरी ने की, जबकि संचालन जदयू के पूर्व जिला महासचिव राजेश चौधरी ने किया। कार्यक्रम के अंत में भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री आदित्य चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष का निषाद राज जयंती समारोह अनुशासित व्यवस्था, रिकॉर्ड जनभागीदारी और सांस्कृतिक विविधता के कारण ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय रहा। समिति की ओर से सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह में भाजपा चौसा नगर अध्यक्ष सविता देवी, शिव जी चौधरी, पिंटू चौधरी, रामेश्वर चौधरी, डॉ अजीत चौधरी, गिरिजा सहनी, जय प्रकाश साहनी, प्रेम चंद चौधरी, अशोक चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





























































































