चयनित खिलाड़ियों को मिलेगी मुफ्त कोचिंग, पौष्टिक आहार और मासिक छात्रवृत्ति बक्सर खबर। जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत संचालित एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन हेतु कबड्डी ट्रायल का आयोजन चार अप्रैल को किया जाएगा। इस ट्रायल में 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। कबड्डी ट्रायल 4 अप्रैल को प्रात 8 बजे से संध्या 4:30 बजे तक सीपीएसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, डुमरांव में आयोजित होगा। इससे पहले 28 मार्च को इसी विद्यालय में वूशु (बालक/बालिका) ट्रायल तथा 13 अप्रैल को चुरामनपुर में हॉकी ट्रायल का आयोजन निर्धारित है। चयनित खिलाड़ियों को एकलव्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र में नि:शुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा उच्च स्तरीय कोचिंग, खेल सामग्री एवं किट, पौष्टिक आहार, शैक्षणिक सुविधा, प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर, चिकित्सा सुविधा एवं बीमा के साथ-साथ हर महीने छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों की आयु 12 से 14 वर्ष के बीच होनी चाहिए। जन्म तिथि 1 जनवरी 2012 से 1 जनवरी 2014 के बीच होना अनिवार्य है। हालांकि राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले या पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को अधिकतम 2 वर्ष की आयु में छूट दी जाएगी। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड या पहचान पत्र, बिहार का निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, खेल प्रमाण पत्र (यदि हो) और विद्यालय प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों और अभिभावकों से अपील की है कि योग्य खिलाड़ियों को इस ट्रायल में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि जिले और राज्य की खेल प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिल सके। अधिक जानकारी के लिए एकलव्य प्रशिक्षक मो. इसराफिल नदाफ 8935990612 से संपर्क किया जा सकता है।






























































































