कलेक्ट्रेट रोड का नाम अब प्रो. एसके मिश्रा पथ करने का आश्वासन बक्सर खबर। गणित जगत के प्रख्यात हस्ताक्षर और जिले की गौरवशाली विभूति प्रोफेसर एसके मिश्रा की 82वीं जयंती के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय भव्य समारोह का समापन रविवार को कलेक्ट्रेट रोड स्थित मातृ-छाया में श्रद्धा और सम्मान के साथ हुआ। इस अवसर पर शिक्षा, प्रशासन और चिकित्सा जगत की हस्तियों ने प्रो. मिश्रा के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें युगपुरुष की संज्ञा दी। समारोह के पहले दिन शनिवार को मेदांता अस्पताल के सहयोग से एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
एमवी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. कृष्णकांत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। आईपीएस शैशव यादव ने प्रो. मिश्रा की स्मृति में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। डॉ. श्रेयांस द्विवेदी के नेतृत्व में मेदांता की 10 सदस्यीय टीम ने 138 मरीजों की जांच की। शिविर में विशेष रूप से हृदय रोग, मानसिक स्वास्थ्य और सीपीआर का प्रशिक्षण भी दिया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रणव चटर्जी महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेश दत्त सिंह ने की। द्वितीय दिन, 15 फरवरी को मुख्य समारोह में सदर विधायक आनंद मिश्र बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने प्रो. मिश्रा के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रो. एसके मिश्रा बक्सर की धरोहर थे। जनभावनाओं को देखते हुए कलेक्ट्रेट रोड का नामकरण प्रो. एसके मिश्रा पथ करने हेतु हर संभव प्रयास और आश्वासन दिया।

सभा की अध्यक्षता फाउंडेशन के सचिव डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह ने की। इस दौरान मेजर डॉ. पीके पांडेय, डॉ. भरत प्रसाद और डॉ. निर्मल कुमार सिंह जैसे गणमान्य लोगों ने स्वयं को प्रो. मिश्रा का शिष्य बताते हुए कहा कि वे न केवल गणित के विद्वान थे, बल्कि एक असाधारण मार्गदर्शक भी थे। प्रोफेसर साहब के पुत्रों, निशित मिश्रा और डॉ. अमित मिश्रा ने अपने पिता की स्मृतियों को जीवंत रखते हुए समाज सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाया और कार्यक्रम में उपस्थित भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन साबित रोहतासवी ने किया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद सिड्डू मियां, शंभुलाल, शिवचंद्र सिंह सहित शहर के अनेक बुद्धिजीवी और शिक्षाविद इस गरिमामयी कार्यक्रम के साक्षी बने।





























































































