बसपा नेताओं का भाजपा-कांग्रेस पर हमला, राजपुर में लहराएगा नीला झंडा बक्सर खबर। बहुजन समाज पार्टी राजपुर विधानसभा के तत्वावधान में गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय के मैदान में प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बसपा के प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार मौजूद थे। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और कांशीराम साहब के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बसपा प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि मौजूदा सरकार एकल सिस्टम लागू कर दलित, शोषित, वंचित वर्ग के अधिकारों को खत्म करने का प्रयास कर रही है। नौकरियों में आरक्षण को समाप्त किया जा रहा है और वर्गीकरण की बात की जा रही है। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन की सरकार वन नेशन, वन इलेक्शन की बात करती है, लेकिन बहुजन समाज पार्टी वन नेशन, वन एजुकेशन की बात करती है।”
अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी और अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि “एक सांपनाथ है तो दूसरा नागनाथ।” दोनों की विचारधारा बसपा से मेल नहीं खाती, इसलिए बहुजन समाज पार्टी इनसे दूर रहकर अपनी अलग पहचान बनाएगी। अनिल कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि पटना में बैठकर सड़कों की दुर्दशा नहीं देखी जा सकती। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार कहते हैं कि बिहार में सड़कों का विकास हुआ है, लेकिन उन्हें राजपुर आकर देखना चाहिए कि यहां सड़कों की क्या स्थिति है।” अनिल कुमार ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बिहार में भी भूमिहीनों को जमीन दिलाने का वादा किया। उन्होंने कहा कि बसपा दलितों, शोषितों और वंचितों के हक की लड़ाई लड़ेगी और राजपुर विधानसभा में जीत हासिल कर एक नया इतिहास रचेगी। कार्यकर्ता सम्मेलन में बसपा के प्रदेश महासचिव अभिमन्यु सिंह कुशवाहा, शिवकुमार कुशवाहा, संजय मंडल, लालजी राम, सुभाष अंबेडकर सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुभाष गौतम, शिवबहादुर पटेल, जेपी यादव, मंजी यादव सहित भारी संख्या में बसपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
































































































