-लिंगानुपात सुधारने के लिए महिलाओं का नाम जोड़ने पर विशेष जोर
बक्सर खबर। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अच्छा मौका है। इस माह की तीन और चार तारीख को निर्वाचन विभाग विशेष अभियान चलाएगा। इसकी सूचना जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से जारी की गई है। संदेश में यह कहा गया है कि इन दो तिथियों (तीन व चार दिसंबर) को सभी बीएलओ अपने-अपने बूथ पर मौजूद रहेंगे। जो उन्हें नाम जोड़ने के लिए आवेदन देते हैं। उनका फार्म संग्रहित किया जाए। हालांकि इस अभियान को अहिल्या का नाम दिया गया है। क्योंकि जिले में महिला मतदाताओं की संख्या प्रति हजार महज 897 है।
इसे बेहतर करने के लिए विशेष कर वैसी युवतियों और महिलाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज करना हैं। जो जनवरी 2023 में 18 वर्ष के हो रहे हैं। यह उन महिलाओं के लिए भी अच्छा है। जो हाल-फिलहाल अपने ससुराल आई हैं। उनका भी नाम लगे हाथ मतदाता सूची में जुड़ सकता है। अगर वे इस जिले की निवासी हो गई हैं। वैसे निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची का नया नाम अब फोटो युक्त मतदाता सूची कर दिया है। इस लिए नाम जोड़ने के फार्म के साथ रंगीन फोटो व आधार नंबर देना भी जरूरी है। आवेदक अगर इसका ध्यान रखें तो उनका नाम आसानी से सूची में जुड़ सकता है। वैसे आप विशेष जानकारी अपने नजदीक के बूथ पर जाकर बीएलओ से भी प्राप्त कर सकते हैं।





























































































