-सर कटी लाश देख पुलिस हैरान, पास में मिले पर्चे से हुई पहचान
बक्सर खबर। शहर के पीपी रोड में रहने वाले सूरज गुप्ता (उम्र लगभग 25-26 वर्ष) की हत्या कर दी गई है। हालांकि पुलिस को सिर्फ उसका धड़ मिला है। सर को हत्यारों ने कहीं और फेंक दिया है। इस वजह से पहचान को पुख्ता करने के लिए पुलिस ने डीएनए टेस्ट कराने का निर्णय लिया है। घटना उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले की है। सूचना के अनुसार रविवार की रात उसकी हत्या करछना थाना के भीरपुर गांव के समीप की गई है, ऐसा प्रतीत हो रहा है। सोमवार अर्थात 17 अक्टूबर को स्थानीय लोगों ने अनमोल ढाबा के पीछे एक युवक का सर कटा शव देखा।
हत्या करने वालों ने उसे जलाने का प्रयास भी किया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त करना शुरू किया तो मृतक की जेब में एक अधजला कागज मिला। जिस पर कुछ नंबर लिखे मिले। यूपी पुलिस ने उन पर संपर्क किया तो पता चला युवक बक्सर शहर के पीपी रोड, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट वाली गली का रहने सूरज गुप्ता हो सकता है। उसके एक हाथ पर ओम लिखा था, जो जलने से बच गया था। यह सूचना उसके परिवार के सदस्यों को मिली तो वे मंगलवार को ही प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। हालांकि घर वाले अभी तक वहां से लौटे नहीं है। करछना थाने की पुलिस के अनुसार मौके से एक अधजला डीएल भी मिला है। जो फिरोज, निवासी पचदेरवा, प्रयागराज के नाम से है।
पुलिस जब उसकी तलाश में पहुंची तो ज्ञात हुआ। रविवार की रात से ही वह लापता है। जिस ढ़ाबे के पास शव मिला है। उसके संचालक शमशेर का भी पता नहीं है। वे दोनों लापता है, उनकी तलाश की जा रही है। वहीं सूरज को जानने वाले लोगों से जब इसके बारे में पूछा गया तो उनका कहना था। पिछले पांच-छह दिन पहले ही वह घर से निकला था। स्वभाव से भोला था, किसी के बुलावे पर कहीं भी चला जाया करता था। लेकिन, अपनी जेब में आस-पड़ोस के लोगों का फोन नंबर लिखकर रखता था। ताकि जरूरत पड़ने पर उनको फोन करा सके। वह पर्ची उसकी पहचान का आधार बनी।






























































































