– ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप, कहा समय पर होती कार्रवाई तो नहीं जाती जान
बक्सर खबर। तालाब किनारे शुक्रवार की सुबह नाबालिग लड़की की लाश मिली। जो लगभग सड़ चुकी थी। सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों ने पुलिस और मीडिया को सूचना दी। घटना मुरार थाना के वीरपुर गांव की है। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने पहचान करते हुए बताया यह मुख्तार राम की बेटी कुसुम (16) है। उसके परिजन भी पहुंचे। उन्होंने बताया यह पांच दिन से लापता थी। जिसकी सूचना हमने 11 अक्टूबर को ही थाने में दी थी।
मृतका के परिजनों ने मनोहरपुर निवासी परमेश्वर राम के बेटे जय राज राम पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ नाराजगी व्याप्त है। उनका कहना है,11 अक्टूबर से बच्ची गायब थी। जिसकी सूचना परिजनों ने उसी दिन पुलिस को दी। लेकिन, जब घर वाले थाने गए, तो पुलिस ने शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया और उनके साथ बदसलूकी भी की। लेकिन, जब उसकी लाश मिली तो यही पुलिस जांच करने में तत्परता दिखा रही है। अगर समय पर पुलिस छानबीन करती, तो आज उस बच्ची की जान नहीं जाती। वहीं कुछ लोग यह भी कहते सूने गए। घटना ऑनर किलिंग से जुड़ी हो सकती है।


































































































