‌‌‌ ग्यारह बजा और बंद हो गया मंगोलपुर का मध्य विद्यालय

0
905

-तीनों शिक्षक हो गए नदारद, पूछने पर कहा मेला की है छुट्टी
बक्सर खबर। दो दिन बाद सोमवार को सरकारी खुले। बच्चे स्कूल गए लेकिन, शिक्षकों ने बताया कि जाओ छुट्टी हो गई है। बच्चे घर लौट आए। यह हाल है मध्य विद्यालय मंगोलपुर का। जो इटाढ़ी प्रखंड के अंतर्गत आता है। इसकी शिकायत शक्तिमान यादव ने बक्सर खबर से की। हमने उनसे कहा अगर विद्यालय बंद है तो उसकी तस्वीर भेजिए। अन्यथा सिर्फ कहने भर से कौन मान लेगा विद्यालय बंद है। वे उसी गांव के रहने वाले हैं। दस मिनट बाद पहुंच गए स्कूल। वहां संयोग से एक शिक्षक मिल गए। जो ताला बंद कर निकल रहे थे।

ग्रामीण ने फोन मिलाया और कहा सर यहां तीन दिन के लिए स्कूल बंद करने की जानकारी मिल रही है। पूछने पर उसने बताया विद्यालय में तीन शिक्षक हैं। लेकिन, फिलहाल सिर्फ यही मौजूद हैं। फोन पर बात होते देख शिक्षक भड़क गए। आप कौन हैं पूछने वाले, लगे हाथ उसी फोन कॉल पर हमसे भी उनकी बात हुई। उनसे थोड़ी नोकझोंक भी हमारे साथ हुई। उन्होंने कहा सोखा धाम का क्षेत्रीय मेला है, इसलिए छुट्टी है। आप कहां जा रहे हैं ? उन्होंने कहा इटाढ़ी जाना है, बक्सर जाना है, कई काम है। आप हमारा काम करेंगे, पास बुक प्रिंट कराना है। उनकी बातें सुन हंसी आई गई।

अब शिक्षक को कौन बताए स्कूलों का खाता करंट अकाउंट में तब्दील हो गया है। जिसका पासबुक ही निर्गत नहीं होता। लेकिन वे कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। क्या आप प्रधानाध्यापक हैं, उन्होंने कहा नहीं हम रेगुलर शिक्षक हैं। छात्र ही नहीं आए तो हम क्या करें दीवार से माथ लड़ाएं। और ताला बंद कर वे भी वहां निकल लिए। ग्रामीणों ने बताया उनका नाम सुशील कुमार है और इस विद्यालय का यही हाल है। हालांकि इस विद्यालय की अव्यवस्था की कहानी हम आपको आगे भी बताएंगे। जैसा अपडेट मिलेगा। लेकिन, एक सवाल और भी है। वहां से जो तस्वीर आई है। वह बता रही है यह मध्य विद्यालय है। लेकिन, यहां सिर्फ तीन शिक्षक हैं, यह भी अपने आप में एक सवाल है। वैसे शेष अगली कड़ी में।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here