पूर्व डीआईजी श्रीधर शर्मा को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

0
451

मुजफ्फरपुर और शाहाबाद रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक के रूप में दीं उत्कृष्ट सेवाएं                                       बक्सर खबर। जिले के प्रख्यात गांव उनवांस में जन्मे अवकाश प्राप्त पुलिस उप महानिरीक्षक श्रीधर शर्मा के निधन पर स्थानीय एसपीएस स्कूल में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। प्रार्थना सभा में बच्चों और शिक्षकों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर भोजपुरी साहित्य मंडल के सचिव डॉ. वैरागी प्रभाष चतुर्वेदी ने स्व. शर्मा के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और कुशल प्रशासनिक अधिकारी बताया। उन्होंने जानकारी दी कि स्व. शर्मा का निधन 12 मार्च 2026 को हुआ। उन्होंने कहा कि उनवांस गांव, जो आचार्य शिवपूजन सहाय के लिए प्रसिद्ध है, अब स्व. श्रीधर शर्मा के योगदान के लिए भी याद किया जाएगा।

वर्ष 1944 में जन्मे स्व. शर्मा बचपन से ही मेधावी छात्र रहे। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बुनियादी विद्यालय उनवांस से प्राप्त कर नेतरहाट तक का सफर तय किया। आगे आरा जैन कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की। स्व. शर्मा ने बीपीएससी की 18वीं बैच में डीएसपी पद प्राप्त किया और वर्ष 1971 में मधुबनी में उनकी पहली पोस्टिंग हुई। अपनी उत्कृष्ट सेवा के बल पर उन्हें वर्ष 1983 में आईपीएस में पदोन्नति मिली। वर्ष 1996 में वे मुजफ्फरपुर और शाहाबाद रेंज के डीआईजी पद पर कार्यरत रहे। अपने सेवा काल में वे एक सक्षम और अनुकरणीय प्रशासनिक अधिकारी के रूप में जाने गए। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके ज्येष्ठ पुत्र चंद्रशेखर शर्मा उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त विभाग में सहायक लेखा अधिकारी हैं, जबकि कनिष्ठ पुत्र शशि शेखर शर्मा इंडियन ओवरसीज बैंक में प्रबंधक पद पर कार्यरत हैं। उनकी तीनों पुत्रियां विवाहित हैं और सुखी वैवाहिक जीवन व्यतीत कर रही हैं। श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय के संस्थापक एडवोकेट प्रमोद शंकर चौबे, प्राचार्य पंकज पाण्डेय, उप प्राचार्य अभय तिवारी सहित कई गणमान्य लोग, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। साथ ही स्व. शर्मा के छोटे भाई बृजेश शर्मा भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here