सदर अस्पताल में हंगामे के विरोध में जिले की सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं ठप  

0
166

डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार से आक्रोशित भासा ने शुक्रवार को भी कार्य बहिष्कार का किया ऐलान, ओपीडी बंद-आपातकालीन सेवाएं जारी                                      बक्सर खबर। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद हुए हंगामे और चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में गुरुवार को जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवा बाधित रही। हालांकि इस दौरान आपातकालीन सेवाएं चालू रहीं, लेकिन ओपीडी बंद रहने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई मरीज बिना इलाज के ही लौटने को मजबूर हुए। उल्लेखनीय है कि मंगलवार की रात तियरा गांव निवासी राजेश सिंह की पत्नी हेवन्ती देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने सदर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और बक्सर–चौसा मार्ग को जाम कर दिया। परिजनों ने चिकित्सकों और कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ के आह्वान पर जिलेभर में ओपीडी सेवाएं बंद रखी गईं। भासा ने शुक्रवार को भी ओपीडी बंद रखने की घोषणा की है।

सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. नमिता सिंह ने कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। इलाज के दौरान किसी अप्रिय घटना की स्थिति में डॉक्टरों और कर्मियों को गुस्साए परिजनों का शिकार होना पड़ता है। मंगलवार की घटना में भी डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार किया गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. डीएन सिंह ने स्पष्ट किया कि इमरजेंसी में मरीज के पहुंचते ही तत्काल इलाज शुरू कर दिया जाता है। यह सामान्य इमरजेंसी है, जहां ऐसी कोई दवा या इंजेक्शन नहीं होता जिससे दस मिनट में ही मृत्यु हो जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही तब मानी जाती है, जब मरीज को इलाज न मिले, जबकि यहां इलाज तुरंत शुरू किया गया था। इस दौरान अस्पताल परिसर में डॉ. सरस्वती चंद्र मिश्रा, डॉ. अमलेश कुमार, डॉ. अशोक पासवान, डॉ. विकास पांडेय, डॉ. अवनी चित्रा, डॉ. सुरुची, डॉ. सुमित मिश्रा, डॉ. सेतु सिंह, डॉ. जय राज, दुष्यंत कुमार सहित कर्मचारी संघ के नेता आनंद कुमार सिंह और अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here