इलाज में लापरवाही का आरोप, महिला की मौत के बाद सदर अस्पताल में भारी हंगामा

0
517

आक्रोशित परिजनों ने बक्सर-चौसा मार्ग किया जाम, प्रशासन के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला                          बक्सर खबर। सदर अस्पताल में मंगलवार की रात इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बक्सर- चौसा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। देर रात हुई इस घटना से अस्पताल परिसर और आसपास का इलाका तनावपूर्ण हो गया। मिली जानकारी के अनुसार तियरा गांव निवासी राजेश कुमार सिंह की पत्नी देवंती देवी को मंगलवार की रात करीब 11 बजे अचानक उल्टी और बार-बार दस्त की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद पर्ची लिखकर सहायक स्टाफ को दे दी, जिसके बाद महिला को इंजेक्शन लगाया गया।

परिजनों का कहना है कि पहला इंजेक्शन देने के बाद हालत और बिगड़ गई, फिर दूसरा इंजेक्शन लगाया गया। इसके कुछ ही देर बाद देवंती देवी की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन भड़क उठे और अस्पताल के सामने सड़क पर स्ट्रेचर, दुकानों के बेंच व अन्य सामान रखकर मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम कर दिया। मृतका के पति राजेश कुमार सिंह ने बताया कि उनके तीन छोटे बच्चे हैं और उनकी पत्नी की मौत पूरी तरह डॉक्टरों की लापरवाही का नतीजा है। परिजनों ने दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क से हटने से इनकार कर दिया। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। बुधवार की सुबह एसडीएम अविनाश कुमार और एसडीपीओ गौरव पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और सड़क जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here