– भाई के सामने हुई घटना, पुलिस ने कहा हो रही मेडिकल जांच
बक्सर खबर। ट्यूशन पढ़ने जा रही किशोरी को रास्ते में रोककर तीन लोगों ने अगवा कर लिया। मौके से कुछ दूर ले जाकर एक झोपड़ी में उसके साथ दुराचार किया गया। घटना के वक्त उसका भाई भी मौजूद था। जो उसे ट्यूशन के लिए बाइक से ले जा रहा था। घटना आज शनिवार सुबह आठ बजे की है। इस संबंध में पूछने पर एसपी शुभम आर्य ने कहा मेडिकल जांच के उपरांत उसकी तस्दीक होगी। पुलिस जांच में जुटी है।
सूत्रों के अनुसार इस मामले के तीनों आरोपियों को सोनवर्षा की पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ चल रही है। घटना दो थाना क्षेत्रों की सीमा में हुई। जब किशोरी सुबह बाइक से जा रही थी। तो रास्ते में दंगौली पुल के समीप तीन युवकों ने मिलकर उनकी बाइक रोक ली। यह स्थल नावानगर थाना की सीमा में आता है। आरोपी उसे दूसरी बाइक पर बैठाकर कड़सर गांव के समीप एक सुनसान झोपड़ी में ले गए। जहां उसके साथ घटना हुई। पीड़िता के भाई ने पुलिस के समक्ष पूरी घटना का जिक्र किया।
सूचना मिलते ही मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डुमरांव एसडीपीओ के अलावा नावानगर, सोनवर्षा और महिला थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। सूत्रों ने बताया ऐसा करने वालों ने हथियार के बल पर उसके भाई को घेर रखा था। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले पर काफी संभल कर चल रही है। इसी वजह से ऐसा करने वालों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। पीड़िता ने पुलिस को इस बारे में क्या बताया है। यह भी स्पष्ट नहीं है। लेकिन, इस खबर के सामने आने के बाद लोग भी आवाक हैं और पुलिस की परेशानी बढ़ी हुई है। लेकिन पुलिस ने तत्काल आरोपियों को हिरासत में ले अपनी तरफ से तत्परता दिखाई है।






























































































