-तीन का चल रहा उपचार, मौके पर मौजूद है राजपुर की पुलिस
बक्सर खबर। पारिवारिक कलह से परेशान मां ने अपने तीन बच्चों के साथ जहर पी लिया। इस वजह से एक बच्चे की मौत हो गई है। सभी को उपचार के लिए सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना आज बुधवार की है। राजपुर थाना के रसने गांव की रहने वाली रूबी देवी ने ऐसा किया है। उसके पुत्र करण की मौत हो चुकी है। फिलहाल अर्जुन और राधा कुमारी का उपचार चल रहा है। मौके पर डीएसपी गौरव कुमार व राजपुर थाने की पुलिस भी मौजूद है। परिजनों ने बताया रुबी के पति राजकुमार चौहान का निधन हो चुका है। उसने अपने देवर जितेन्द्र के साथ दूसरी शादी की।
मंगलवार को उसका विवाद अपने पति से हुआ था। रात को ही उसने जहर खाने का प्रयास किया था। लेकिन, परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। थाने की टीम वहां गई। समझाकर विवाद शांत कराया। लेकिन, बुधवार की सुबह जब घर वाले कामकाज में व्यस्त हो गए। उसने नौ बजे के बाद फसल में डालने वाला कीटनाशक अपने तीनों बच्चों को पिलाया और खुद भी खा लिया। घर वालों को पता चला तो सभी को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से सबकी नाजुक हालत देखते हुए सदर अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल मां और दो बच्चों का उपचार चल रहा है। लेकिन, बच्चों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।





























































































