डॉ. मनीष कुमार शशि को विधानसभा अध्यक्ष ने किया सम्मानित

0
230

पटना में आयोजित भव्य समारोह में बढ़ी जिले की शान, बधाई देने वालों का लगा तांता                                  बक्सर खबर। प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, उसे हर मंच पर सम्मान मिलता है। इसी को चरितार्थ करते हुए जिले के डुमरांव निवासी और राजकीय शिक्षक सम्मान से अलंकृत डॉ. मनीष कुमार शशि ने एक बार फिर जिले का मान बढ़ाया है। रविवार को पटना स्थित बिहार विधान परिषद के सभागार में आयोजित एक भव्य समारोह में बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह दी टीचर्स फ्यूचर मेकर्स मंच द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें प्रदेश भर के चुनिंदा शिक्षकों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सराहा गया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की धुरी होते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार का शैक्षणिक इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है और इसे पुनः विश्व पटल पर स्थापित करने की जिम्मेदारी आज के शिक्षकों के मजबूत कंधों पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षक अपने कर्तव्य और दायित्व का निर्वाह करते हुए बिहार को देश के शैक्षणिक मानचित्र पर नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. मनीष कुमार शशि ने आयोजकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान मेरे लिए केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। यह मुझे शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक ऊर्जा व समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा देगा। डॉ. मनीष को यह सम्मान मिलते ही जिले और विशेषकर डुमरांव में खुशी की लहर दौड़ गई। जिले से बिहार मैथमेटिकल सोसायटी की अनीता यादव, प्रमोद कुमार चौबे, धनंजय मिश्रा, बृजेश राय, विकास कुमार, डॉ. सुरेंद्र सिंह, सोनू वर्मा, विशाल जायसवाल, विपिन कुमार और रामा शंकर चौधरी सहित अनेक शिक्षकों व शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here