-सोशल मीडिया से लेकर गांव तक, हर तरफ शोक की लहर बक्सर खबर। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव निवासी एवं जिले के जाने-पहचाने अखबार कर्मी संतोष कुमार सिंह 45 वर्ष का शनिवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद निधन हो गया। उनकी मौत की खबर मिलते ही पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के मुताबिक, संतोष शनिवार की रात एक शादी समारोह में शामिल हुए थे। वहीं अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन और साथियों द्वारा उन्हें तुरंत सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें हार्ट अटैक आया है। इलाज के बाद कुछ राहत महसूस हुई, लेकिन घर लौटते समय दोबारा हार्ट अटैक आने पर उन्हें वापस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
संतोष कुमार सिंह पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े रहे और हिंदी दैनिक अखबार में जिला मुख्यालय पर सर्कुलेशन का कार्य संभाल रहे थे। इससे पहले भी वे कई अखबारों से जुड़े रहे थे। अपने कर्मठ स्वभाव और मिलनसार व्यवहार के कारण उनकी अलग पहचान बनी हुई थी। रविवार सुबह जैसे ही उनके निधन की खबर फैली, सोशल मीडिया से लेकर गांव तक, हर तरफ शोक की लहर दौड़ गई। लोग उनके घर पहुंच शोक-संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। संतोष अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं, जिनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है।बक्सर पत्रकार संघ के अध्यक्ष अविनाश उपाध्याय और संरक्षक रामएकबाल ठाकुर ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अपने काम के दम पर अखबार को मजबूती देने वाले सच्चे सिपाही का यूं असमय चले जाना अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करे।


































































































