प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दिखाई उदारता, निष्ठा और सक्रियता को देखते हुए बहाल किया पद बक्सर खबर। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बक्सर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय का निलंबन तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष की स्वीकृति से कार्यालय सचिव नलिन कुमार द्वारा अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना में कहा गया है कि डॉ. पाण्डेय का निलंबन उनके निवेदन, पार्टी के प्रति निष्ठा तथा निरंतर सक्रियता को देखते हुए समाप्त किया गया है।
साथ ही यह अपेक्षा जताई गई है कि वे भविष्य में भी कांग्रेस पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखेंगे और संगठन को सशक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। डॉ. मनोज पाण्डेय ने इस निर्णय के लिए प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित हैं और आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरे मनोयोग से कार्य करेंगे।