अभिमन्यु कुशवाहा को मिला टिकट, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर बक्सर खबर। बिहार विधानसभा चुनाव–2025 की सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच बहुजन समाज पार्टी ने सबसे पहले शाहाबाद क्षेत्र की कई सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष सुभाष राम उर्फ सुभाष गौतम ने ऐलान किया कि पार्टी सुप्रीमो और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री बहन मायावती के निर्देश पर अभिमन्यु कुशवाहा को बक्सर विधानसभा सीट (200) से प्रत्याशी बनाया गया है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ने पार्टी लेटर भी अभिमन्यु कुशवाहा को सौंपा।
प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद अभिमन्यु कुशवाहा ने कहा कि “पार्टी ने हम जैसे कार्यकर्ता पर विश्वास जताया है। निश्चित ही बक्सर की जनता का आशीर्वाद लेकर जीत हासिल करेंगे और बसपा को मजबूत बनाएंगे।” उन्होंने बहन मायावती समेत शीर्ष नेतृत्व का आभार भी जताया। घोषणा के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से अभिमन्यु कुशवाहा और जिलाध्यक्ष का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने ‘बहन मायावती जिंदाबाद’ और ‘कांशीराम अमर रहें’ के नारे लगाते हुए संकल्प लिया कि आने वाले दिनों में बक्सर से बहुजन की जीत सुनिश्चित करने के लिए वे पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरेंगे।