47 वर्षों से निभ रही परंपरा, तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता और ग्रामीण बक्सर खबर। जिले के नियाजीपुर में इस बार भी महावीर पूजा समिति ट्रस्ट के तत्वावधान में बड़े धूमधाम से महावीर पूजनोत्सव आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि धार्मिक अनुष्ठान के साथ तीन दिवसीय विराट खेल महोत्सव भी संपन्न होगा, जिसमें स्थानीय खिलाड़ियों के साथ कई राज्यों से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। समिति के वरिष्ठ कार्यकर्ता मनोज पाठक ने बताया कि शरद पूर्णिमा से दो दिन पूर्व शुरू होने वाला यह आयोजन पिछले 47 वर्षों से निरंतर होता आ रहा है। इसमें न सिर्फ पूजा-अर्चना बल्कि खेल और व्यायाम की संस्कृति को भी बढ़ावा दिया जाता है।
इस महोत्सव में पांच अक्टूबर को राज्य स्तरीय विराट घोड़ा दौड़ शील्ड प्रतियोगिता। छह अक्टूबर को 5000 मी., 3000 मी., 1600 मी., 800 मी., 400 मी., 100 मी. दौड़, लम्बी-कूद, ऊंची-कूद, गोला फेंक, भाला फेंक आदि प्रतियोगिताएं और सात अक्टूबर को विराट दंगल, पुरस्कार वितरण और महावीर पूजनोत्सव सम्पन्न होंगे। समिति पदाधिकारी मार्कण्डेय पाठक ने बताया कि दंगल में बिहार के साथ यूपी, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के नामी पहलवान हिस्सा लेंगे। वहीं, समिति अध्यक्ष का कहना है कि धर्म और खेल दोनों समाज को जोड़ने का काम करते हैं। हमारा उद्देश्य युवाओं में उत्साह जगाना और परंपरा को जीवित रखना है। गांव और आसपास के इलाकों में इस आयोजन को लेकर उत्साह चरम पर है। स्थानीय लोग और युवा तैयारियों में जुट गए हैं।