करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, गांव में छाया मातम

0
2293

नई इन्वर्टर से खुद कर रहा था वायरिंग, हादसा बन गया जानलेवा                                                              बक्सर खबर। राजपुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में रविवार की रात एक हृदयविदारक हादसे में 38 वर्षीय मनीष कुमार की इन्वर्टर से करंट लगने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, मनीष कुमार ने हाल ही में एक नया इन्वर्टर खरीदा था। तकनीकी जानकारी नहीं होने के बावजूद उन्होंने खुद ही उसके कनेक्शन जोड़े थे। रविवार रात इन्वर्टर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। मनीष उसे ठीक करने की कोशिश कर रहे थे तभी करंट की चपेट में आ गए और इन्वर्टर-बैटरी के संपर्क में आकर बुरी तरह झुलस गए।

हादसे के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मनीष की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी बेसुध हो गई और छोटे-छोटे बच्चों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मनीष अपने माता-पिता के बड़े बेटे थे। उनका छोटा भाई पटना में नौकरी करता है। मनीष के पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक छोटा बेटा है। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here