सिद्धाश्रम धाम में पहली बार मार्कंडेय पुराण कथा का होगा आयोजन

0
266

13 से 20 जून तक रामरेखा घाट स्थित रामेश्वर नाथ मंदिर में होगा                                                        बक्सर खबर। सिद्धाश्रम धाम की सर्वजन कल्याण सेवा समिति इस बार एक ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन करने जा रही है। नगर में पहली बार मार्कंडेय पुराण की कथा और श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का भव्य आयोजन 13 जून से 20 जून तक रामरेखा घाट स्थित रामेश्वर नाथ मंदिर परिसर में किया जाएगा। समिति के अनुसार यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक और मानसिक कल्याण का संदेश लेकर आया है। मार्कंडेय पुराण एक ऐसा महापुराण है जो मनुष्य को दीर्घायु, रोगमुक्त और भौतिक संपदाओं से सम्पन्न बनाने की शक्ति रखता है।

शास्त्रों के अनुसार, मार्कंडेय जी की आयु मात्र 8 वर्ष तय थी। जब उन्हें यह ज्ञात हुआ, तो उन्होंने भगवान शिव की आराधना शुरू कर दी। 8वें वर्ष में जब यमराज के दूत उन्हें लेने आए, तो उनकी भक्ति की तेज शक्ति से डरकर भाग गए। स्वयं यमराज भी जब आए, तो भगवान शिव प्रकट हुए और कहा कि “अब यह बालक अमर रहेगा।” इस तरह मार्कंडेय आठवें चिरंजीवी बने और उन्हीं के माध्यम से यह पुराण प्रकट हुआ। कहा गया है कि जो व्यक्ति मार्कंडेय पुराण की कथा श्रवण करता है, उसका जीवन रोग, दुख, दरिद्रता से मुक्त हो जाता है। आज के समय में जब हर ओर बीमारी, चिंता और मानसिक अशांति का माहौल है, ऐसे आयोजनों की महती आवश्यकता है।

सर्वजन कल्याण सेवा समिति ने नगर, जिला, प्रदेश और देशवासियों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पर पहुंचकर इस दिव्य आयोजन का लाभ उठाएं और अपने जीवन को धर्म, भक्ति और स्वास्थ्य से भरपूर बनाएं। कथा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था और सुविधा भी समिति द्वारा सुनिश्चित की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here