-लूट के मामले में तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
बक्सर खबर।(17नवम्बर): घटना कुछ अजीब सी है। जनाब घर से बंदूक लेकर निकले थे। शादी में शामिल होने जा रहे थे। लेकिन जलवा बनने से पहले ही उनके साथ अनहोनी हो गई। चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर शनिवार की शाम बाइक सवार अपराधियों ने लाइसेंसी बंदूक लूट ली। सूचना के अनुसार ईटाढ़ी थाना के सुकरवलिया गांव निवासी कमरूदीन अंसारी अपने नाती के साथ बाइक से जा रहे थे। उतर प्रदेश में रिश्तेदार के यहां उनको जाना था।
देवल के रास्ते यूपी की सीमा में प्रवेश की योजना थी। वे उधर जा रही रहे थे कि डिहरी गांव के उच्च विद्यालय के पास अपाचे सवार तीन अपराधियों ने उनको घेर लिया। कट्टे के बल पर लाइसेंसी बंदूक लूट ली और चलते बने। घटना को कुछ देर हुई थी। पुलिस की मोबाइल टीम बाइक से उधर पहुंची। पूरी घटना जान राजपुर थाने को सूचना दी। क्योंकि घटना स्थल उनकी सीमा में आता है। उन लोगों ने पीड़ित द्वारा बताए गए रास्ते पर पीछा कर उन्हें पकड़ना चाहा। लेकिन, उनका कहीं पता नहीं चला। उनकी शिकायत पर तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

































































































