बक्सर खबर : अपराधियों का हौसला फिर बढऩे लगा है। मंगलवार की रात चौसा-रामगढ़ पथ पर कांटी गिरोह ने जमकर उत्पात मचाया। रात साढ़े नौ बजे के लगभग इसके शिकार कुसुरुपा गांव के विजय शंकर पाठक का परिवार हुआ। वे अपनी पत्नी का उपचार करा वाराणसी से लौट रहे थे। तीवाय मोड के पास अपराधियों ने कांटी के द्वारा उनकी गाड़ी के पहियों को पंचर कर दिया। तेज गति से जा रही स्कार्पियो लहरा कर रुक गयी। तीन चार की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने असलहे के बल पर उनसे उन्हें लूट लिया। जिसमें आठ हजार नकद, पत्नी के गले और कान के आभूषण तथा चालक के रुपये भी छीन लिए। इसकी सूचना पाठक ने राजपुर पुलिस को दी। खबर मिलते ही वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे मामले की जांच हुई। देखने से पता चला मिट्टी में ढंक कर लोहे की काटियां रखी थी। जिससे अपराधियों ने वाहन को पंचर कर दिया। इस गिरोह के शिकार और कितने लोग हुए हैं। इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पायी है। पुलिस ने यह बताया कि महज कुछ मीटर की दूरी पर थाना नुआंव, जिला कैमुर की सीमा है। अपराधी इस इलाके के हैं या कैमुर जिले के अभी कुछ कहना मुश्किल है। डीएसपी शैशव यादव ने कहा पुलिस तत्परता से इसकी जांच कर रही है। पाठक जी राजपुर थाना के ही कुसुरुपा गांव के निवासी हैं।


































































































