मृतकों के परिवार वालों को चार-चार लाख का मुआवजा, उपद्रवियों के खिलाफ तीन प्राथमिकी

0
611

बक्सर खबर। राजपुर थाना के भलुहां गांव के समीप मंगलवार की सुबह सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गयी। मृतक बुटाई राजभर उर्फ ध्रुव राजभर की पत्नी सबिता देवी और गिरजा राजभर की पत्नी धर्मशीला देवी को प्रशासन ने चार-चार लाख रुपये का मुआवजा उपलब्ध कराया। उपद्रव को शांत कराने के लिए मुआवजा मौके पर ही प्रदान कर दिया गया। तब जाकर बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग जाम कर रहे लोग मौके से हटे। दोनों मृतक जदपुरा गांव के निवासी थे।

दुर्घटना सुबह छह बजे के लगभग हुई। ट्रैक्टर पर भूसा लदा था। यह दोनों टाली के पास खड़े हो रस्सा टाइट कर रहे थे। इसी बीच ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। घायलों को पहले राजपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां कोई डाक्टर ड्यूटी पर नहीं था। इस बीच घायल दूसरे व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया। जब यह सूचना गांव वालों को मिली कि यहां कोई डाक्टर नहीं था। वे आक्रोशित हो गए और अस्पताल को भारी नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। लेकिन, उपद्रव शांत नहीं हुआ। आक्रोशित लोग थाने पहुंच गए। वहां भी जमकर तोड़-फोड़ की। दूर से लोग पथराव कर रहे थे। इसमें एसआई शिव कुमार सिंह को चोट आयी है।
उपद्रवियों के खिलाफ होगी तीन प्राथमिकी
बक्सर खबर। राजपुर में हुए उपद्रव की सूचना मिलने पर पुलिस कप्तान उपेन्द्र नाथ वर्मा मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसडीओ केके उपाध्याय व डीएसपी सतीश कुमार भी गए। अधिकारियों ने पहले पुलिस थाने का अवलोकन किया। घायल एसआई से मिले। इसके बाद सिविल सर्जन भी पहुंचे। उनकी मौजूदगी में एसपी प्राथमिकी स्वास्थ्य केन्द्र भी देखने गए। वहां लाखों रुपये मूल्य की संपति का नुकसान हुआ है। भवन, उपस्कर, दवाएं एवं डाक्टरों के आवास को भारी नुकसान पहुंचाया गया है। मीडिया के पूछने पर एसपी ने बताया उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ थाने में उपद्रव करने, अस्पताल में तोड़-फोड़ करने के अलावा सड़क जाम का मामला दर्ज होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here