रिश्तेदार बनकर आई महिला नींद की दवा खिलाकर ले उड़ी पांच लाख की संपत्ति

0
712

-मुरार थाना क्षेत्र के चौगाई का है मामला
बक्सर खबर। मुरार थाना क्षेत्र के चौगाईं गांव में चोरी की अनोखी वारदात सामने आई है। गांव की एक विधवा महिला घर में अकेली थी। गुरुवार की शाम एक दूसरी महिला उसके घर आई तथा बताया कि वो महिला के मायके से आई है। साथ ही, रिश्ते में भतीजी लगने की बात कही। महिला को विश्वास में लेने के बाद रिश्तेदार बनकर आई चोरनी ने अपने घर के सदस्यों पर केस होने का हवाला दे उसके घर में रहने के लिए शरण ले ली। लेकिन, दूसरी रात उसे नींद की गोली खिला घर में रखे पांच लाख रुपये मूल्य से अधिक के सोने चांदी के गहने तथा दस हजार नकदी समेत दो कीमती साड़ियां चोरी कर फरार हो गई।

सुबह में जब देर से महिला की नींद खुली तथा गहने वाले कमरे का दरवाजा खुला देखा तो चोरी की बात समझ में आई। इस दौरान रिश्तेदार बनकर आई महिला भी गायब मिली। बताया जाता है कि चौगाईं के स्व. श्रीभगवान सिंह की पत्नी निर्मला देवी अपने बेटों के साथ झारखंड के बोकारो में रहती है। चार पांच दिन पहले ही वह अपने गांव चौगाई आई थी। गुरूवार को एक महिला अचानक उसके घर पहुंची तथा बताया कि वह उसके मायके नासिरीगंज थाना क्षेत्र के गरूड़ा गांव से आई है। उसने निर्मला से कहा कि आप मेरी बुआ लगेंगी। चुकी निर्मला कुछ वर्षों से अपने गांव नहीं गई थी तो उसे लगा कि यह सच बोल रही है।

वह गुरुवार की शाम से शुक्रवार की रात तक उसके घर में रही। शुक्रवार की रात ही संभवतः खाने में नींद की दवा मिला उसे खिला दिया। जिससे निर्मला गहरी नींद में चली गई। तब उसने आराम से उसके कान से सोना का झुमका निकालने के बाद आलमीरा में रखे सोने की दो चूड़ी, चार अंगूठी, झुमका, पांच से छह जोड़ी पायल, चैन तथा दो कीमती साड़ियां चुरा रात में ही भाग निकली। पीड़िता ने मुरार थानें में इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई है। मुरार थानाध्यक्ष रविकांत प्रसाद ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि चोरनी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।जिसे जल्दी पकड़ा जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here