बक्सर पत्रकार संघ के होली मिलन समारोह में सौहार्द और निष्पक्ष पत्रकारिता का दिया गया संदेश बक्सर खबर। बक्सर पत्रकार संघ द्वारा सोमवार को शहर के बगीचा उत्सव लॉन में होली मिलन सह पत्रकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष अविनाश उपाध्याय ने की, जबकि संचालन संघ के संरक्षक रामएकबाल ठाकुर ने किया। कार्यक्रम में जिले के तीन वरिष्ठ पत्रकारों को ‘पत्रकार भूषण’ सम्मान से अलंकृत किया गया। इस वर्ष दैनिक जागरण के राजपुर के वरिष्ठ संवाददाता अरविंद तिवारी, हिंदुस्तान के सिमरी के वरिष्ठ संवाददाता रविंद्र दुबे तथा ईटीवी भारत के जिला संवाददाता उमेश पांडेय को अंगवस्त्र एवं ‘पत्रकार भूषण’ मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच पर अध्यक्ष अविनाश उपाध्याय, संरक्षक बबलू उपाध्याय एवं रामएकबाल ठाकुर ने सम्मानित पत्रकारों को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। जिले के पत्रकारिता के भीष्म पितामह कहे जाने वाले मुखदेव राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मां सरस्वती को नमन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता की गिरती साख को बचाने के लिए राग-द्वेष से ऊपर उठकर तथ्य और सत्य पर आधारित खबरें लिखना आवश्यक है। निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी ही पत्रकारिता की असली पहचान है। दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ शुभ नारायण पाठक ने कहा कि बक्सर पत्रकार संघ द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित यह कार्यक्रम पुराने और नए पत्रकारों के बीच संवाद का सेतु बनता है। वरिष्ठ पत्रकार अपने अनुभव साझा करते हैं, जिससे नवोदित पत्रकारों को सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी इस परंपरा को कायम रखा जाएगा।

संरक्षक रामएकबाल ठाकुर ने कहा कि संघ द्वारा हर वर्ष ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से उन पत्रकारों का चयन किया जाता है, जो अपनी लेखनी से समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होती है। वहीं संरक्षक बबलू उपाध्याय ने बताया कि वर्ष 2008 से लगातार होली मिलन सह पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जो पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से सफल होता आया है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने पारंपरिक होली गीतों पर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी और सौहार्द का संदेश दिया। अंत में सभी ने मैत्री भोज का आनंद लिया तथा एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देकर अपने-अपने कार्यालय के लिए प्रस्थान किया।
इस अवसर पर गिरधारी अग्रवाल, दिलीप ओझा, ओंकारनाथ मिश्रा, नवीन पाठक, निशांत श्रीवास्तव, अमित चंद्र श्रीवास्तव, लव सिंह, अरविंद कुमार चौबे उर्फ चुन्नू चौबे, पंकज पांडेय, सत्या पांडेय, राजीव सिंह, पुष्पेन्द्र पांडे, बजरंगी जी, राजेश कुमार, मनीष कुमार चौबे, प्रतिमा भारद्वाज, विशंभर मिश्र, श्रीकांत दुबे, धर्मेंद्र पाठक, अतीत श्रीवास्तव, मुस्ताक हुसैन बंटी, रेहान, त्रिभुवन राजभर, चंद्रकेतु पांडेय, संजय उपाध्याय, शिवदयाल, अमरेन्द्र दुबे, सुन्दर लाल सहित दर्जनों पत्रकार उपस्थित रहे।



































































































