बड़े बकायदारों पर कार्रवाई और विशेष अभियान चलाने के निर्देश बक्सर खबर। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में आंतरिक संसाधन, नीलाम पत्र एवं राजस्व समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान कार्यपालक अभियंता, सोन नहर प्रमंडल आरा बैठक में अनुपस्थित पाए गए, जिसके कारण उनके कार्यालय की समीक्षा नहीं हो सकी। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंता का एक दिन का वेतन स्थगित करते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही आंतरिक संसाधन की बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अन्य पदाधिकारियों का भी एक दिन का वेतन स्थगित कर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 समाप्ति की ओर है। ऐसे में राजस्व वसूली में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता सोन नहर प्रमंडल बक्सर एवं आरा को निर्देश दिया कि बड़े बकायदारों को नोटिस जारी करते हुए जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर लोगों को जागरूक करें और राजस्व वसूली में तेजी लाएं। साथ ही अगले सोमवार तक वसूली की प्रगति का प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा गया। नगर पंचायत इटाढ़ी, चौसा एवं ब्रह्मपुर को भी कार्ययोजना बनाकर राजस्व वसूली अभियान तेज करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि विभागीय प्रावधान के अनुसार राजस्व नहीं देने वालों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी को भी खनन से संबंधित राजस्व वसूली बढ़ाने का निर्देश दिया गया। वहीं कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को बिजली से जुड़े विशेष कैंप लगाकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वालों पर कार्रवाई करते हुए राजस्व वसूली तेज करने को कहा गया। इसके अलावा जिला परिवहन पदाधिकारी को मोटर यान निरीक्षक, नगर परिषद एवं यातायात उपाधीक्षक के साथ संयुक्त टीम गठित कर परिवहन नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दंड अधिरोपित करते हुए राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए।
































































































