अग्निप्रवण काल को देखते हुए अग्निशमन कर्मियों ने लोगों को बताए आग से बचाव के उपाय बक्सर खबर। अग्निप्रवण काल को देखते हुए अग्निशमन विभाग द्वारा शहर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव के निर्देश पर शनिवार को अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मियों की टीम ने शहर के विभिन्न होटल, भोजनालय तथा विवाह भवनों में अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान टीम ने आग लगने की स्थिति में तुरंत बचाव और नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी तथा मॉक ड्रिल के माध्यम से लोगों को व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया। अभियान के तहत कर्मियों ने अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, आपात स्थिति में सतर्कता बरतने तथा प्राथमिक सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
जागरूकता कार्यक्रम के तहत शहर के गोलंबर स्थित फूड लाउंज, श्री साई विवाह भवन, अहिरौली मुख्य सड़क स्थित फोर सीजन विवाह भवन, कुसुम पैलेस, ददन मटन हांडी होटल, मल्लू यादव होटल, सिविल लाइन के मठिया मोहल्ला स्थित द हंगर ट्रेन भोजनालय, फूड फ्रेश रेस्टोरेंट सहित अन्य विवाह भवनों और होटलों में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने वहां मौजूद कर्मचारियों और लोगों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेने की सलाह दी। साथ ही अग्नि सुरक्षा से संबंधित पंपलेट का भी वितरण किया गया, जिसमें आग से बचाव के महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं। अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने बताया कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में समय-समय पर इस तरह के जन-जागरूकता कार्यक्रम और अभ्यास आयोजित कर लोगों को सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को कम किया जा सके।































































































