बक्सर ने हेमैन ट्रॉफी में कैमूर को दो विकेट से चटाई धूल 

0
118

कप्तान निखिल का अद्भुत ऑलराउंड शो, 5 विकेट लेने के बाद जड़ा 144 रनों का आतिशी शतक                                 बक्सर खबर। शाहाबाद जोन में आयोजित सीनियर पुरुष वर्ग की हेमैन ट्रॉफी के रोमांचक मुकाबले में बक्सर जिला क्रिकेट टीम ने कैमूर जैसी मजबूत टीम को 2 विकेट से पराजित कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। लंबे समय बाद जोनल स्तर पर मिली इस सफलता से खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। कैमूर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 214 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। जवाब में बक्सर के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया। कप्तान निखिल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 महत्वपूर्ण विकेट झटके और कैमूर की पारी को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।लक्ष्य का पीछा करने उतरी बक्सर की टीम ने शुरुआत में कुछ विकेट गंवाए, लेकिन कप्तान निखिल ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने धैर्य और आक्रामकता का संतुलन दिखाते हुए शानदार 144 रन की मैच विजयी पारी खेली। टीम ने 45.5 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और रोमांचक मुकाबले को अपने नाम कर लिया। निखिल के ऑलराउंड प्रदर्शन 5 विकेट और 144 रन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इस जीत का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत के साथ-साथ बक्सर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के बेहतर प्रबंधन को भी दिया जा रहा है। संघ द्वारा निष्पक्ष ट्रायल, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और नियमित प्रशिक्षण व्यवस्था ने टीम के मनोबल को नई ऊर्जा दी है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। सीनियर वर्ग में कैमूर जैसी सशक्त टीम के खिलाफ यह जीत बक्सर के क्रिकेट इतिहास में मील का पत्थर मानी जा रही है। खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी गई है तथा आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here