नाबालिग की आपत्तिजनक फोटो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
3153

साइबर थाने की टीम ने दबोचा, दूसरे की तलाश में छापेमारी जारी                                                        बक्सर खबर। सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो एक नाबालिग लड़की का आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा था और व्हाट्सएप के माध्यम से पीड़िता व उसके परिजनों को भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। मामले को लेकर पीड़िता के परिजन ने साइबर थाना में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन मिलते ही पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष साइबर थाना अविनाश कुमार कश्यप के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया।

गठित टीम ने मंगलवार को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का सत्यापन किया और नया भोजपुर थाना क्षेत्र के नवा डेरा निवासी एक युवक को विधिवत हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए एक अन्य सहयोगी का नाम भी उजागर किया है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गोलु कुमार पिता अशोक यादव उर्फ अशोक कुमार सिंह के रूप में हुई। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसमें आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो अभी भी सेव पाए गए हैं। जिला पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति आपत्तिजनक फोटो, वीडियो, धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला या भड़काऊ पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा न करे। ऐसा करना गैरकानूनी है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here