पंचायत-पंचायत जाकर लोगों से जुड़ रहीं, जनता का मिल रहा भरपूर आशीर्वाद बक्सर खबर। भारतीय जनता पार्टी की सक्रिय नेत्री और बक्सर विधानसभा क्षेत्र की संभावित प्रत्याशी वर्षा पांडेय इन दिनों लगातार गांव-गांव जाकर जनता से सीधा संवाद कर रही हैं। बरूना, बोक्सा, खूंटहा, रामपुर, डिहरी, पावनी, उमरपुर, सरेंजा, करहंसी, सोनबरसा समेत कई पंचायतों और वार्डों में उनका दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है। वर्षों से सामाजिक कार्यों में सक्रिय वर्षा पांडेय का गांव-गांव का यह जनसंपर्क अभियान लोगों के बीच भरोसा और उत्साह का माहौल बना रहा है। महिलाएं, युवा और ग्रामीण जनता उन्हें विश्वास और उम्मीद की नजर से देख रहे हैं।
लोगों का कहना है कि उनकी साफ-सुथरी छवि और समाज के लिए किए गए काम उन्हें बाकी नेताओं से अलग पहचान दिलाते हैं। पूर्व विधायक सुखदा पांडेय की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए वर्षा पांडेय भाजपा की महिला नेतृत्व में मजबूत कड़ी बनकर उभर रही हैं। कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनकी सक्रियता और जनता से सीधा जुड़ाव पार्टी को नई ताकत दे रहा है। जनसंपर्क के दौरान लोगों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जनता की समस्याएं सुनना, उनकी अपेक्षाओं को समझना और उनके लिए समाधान ढूंढना ही मेरा कर्तव्य है। हर पंचायत और गांव की आवाज विधानसभा तक पहुंचे, यही मेरा संकल्प है। वर्षा पांडेय ने हमेशा शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। उनकी समाज सेवा की यही पृष्ठभूमि अब राजनीति में उन्हें मजबूती दे रही है।

































































































