बक्सर खबर। लालगंज के रहने वाले ददन यादव को गुरुवार की रात गोली मार दी गई थी। वे अपने भाई मदन यादव और एक अन्य व्यक्ति के साथ घटना की रात शहर के शांतिनगर मुहल्ले में आए थे। वहां शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर वापस लौट रहे थे। रात के लगभग 12 बज चले थे। जैसे ही इटाढ़ी रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचे। किसी ने पीछे से गोली मार दी। गोली पाखुर के पास लगी। उसी रात ददन को सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया था। लेकिन, शुक्रवार को ही ददन ने वहां दम तोड़ दिया।
इस बीच नगर थाने की पुलिस ने उनके भाई मदन यादव के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है। आखिर ददन को किसने और क्यूं गोली मारी। वजह स्पष्ट नहीं हो रही है। सूचना यह भी मिल रही है कि हमलावरों ने निशाने पर कोई और था। लेकिन, ददन यादव को ही वे अपना शिकार समझ बैठे। गफलत में यह हत्या हो गई है। वैसे पुलिस का यह दावा है कि वह इस मामले का जरुर उदभेदन कर लेगी।



































































































