बक्सर खबर। राजपुर थाना के बहुआरा गांव निवासी शिक्षक अरविंद चौबे की करंट लगने से मौत हो गई है। यह दुखद हादसा उनके गांव में हुआ। सूत्रों के अनुसार सोमवार को वे अपने गांव बहुआरा गए थे। उनका पूरा परिवार बक्सर के शिक्षक कॉलोनी में रहता है। गांव का घर अक्सर बंद ही रहता है। सोमवार की शाम घर की सफाई के लिए गांव गए थे। सूत्रों की माने तो चापाकल में करंट आ रहा था। पानी लेने के दौरान वे बिजली की चपेट में आ गए। संभवता सोमवार की शाम है उनकी मौत हो गई।
लेकिन इसकी भनक गांव वालों को मंगलवार की सुबह लगी। तुरंत इसकी सूचना उनके पिता पूर्व शिक्षक ब्रह्मेश्वर चौबे को दी गई। परिवार के सभी सदस्य भागे-भागे गांव पहुंचे। 40 वर्षीय अरविंद चौबे हकीमपुर उच्च विद्यालय में शिक्षक थे। इनकी पत्नी भी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका है। घर में इनके पीछे एक बेटी और लगभग 1 साल का एक पुत्र है। पूरा परिवार इस दुखद घटना से सन्न है।




























































































