ब्रह्मपुर और चक्की प्रखंड के सभी छह संकेतकों को शत-प्रतिशत संतृप्त करने का अल्टीमेटम बक्सर खबर। उप विकास आयुक्त निहारिका छवि की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित प्रखंड आकांक्षी कार्यक्रम के तहत चयनित ब्रह्मपुर एवं चक्की प्रखंडों में चल रहे संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि इस अभियान के अंतर्गत आईसीडीएस, शिक्षा एवं पशुपालन विभाग से जुड़े कुल छह प्रमुख संकेतकों को संतृप्त करना है। हालांकि बैठक में कई संकेतकों पर अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर उप विकास आयुक्त ने नाराजगी जताई।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित लक्ष्य को समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए व्यक्तिगत रुचि लें। साथ ही कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि 14 अप्रैल तक हर हाल में चयनित सभी संकेतकों की संतृप्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, डीपीएम स्वास्थ्य विभाग, ब्रह्मपुर एवं चक्की के प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


































































































