कार्यकर्ताओं के त्याग और बलिदान को किया गया नमन, विकसित भारत के संकल्प पर दिया जोर बक्सर खबर। भाजपा जिला इकाई द्वारा सोमवार को अहिरौली स्थित पार्टी कार्यालय में स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार की मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री रमा निषाद मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। समारोह की शुरुआत मंत्री रमा निषाद द्वारा पार्टी ध्वज फहराकर की गई। झंडोत्तोलन के साथ ही कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, अटल बिहारी वाजपेयी अमर रहें, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद और नितिन नवीन जिंदाबाद के गगनभेदी नारे लगाए। इसके बाद मंत्री ने स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में मंत्री रमा निषाद ने कहा कि आज की भाजपा लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और बलिदान की नींव पर खड़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र प्रथम के भाव को आत्मसात करते हुए प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान दें।
कार्यक्रम के तहत आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने की, जबकि संचालन महामंत्री धनंजय त्रिगुण ने किया। बैठक का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। स्वागत भाषण में जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने कहा कि जनसंघ काल से लेकर भाजपा के वर्तमान स्वरूप तक के सफर में नेताओं और कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर ही पार्टी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है। बैठक को अरुण कुशवाहा, विजय कुमार सिंह उर्फ भोला सिंह, कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मिठाई सिंह, मीना सिंह कुशवाहा, विनोद राय और लक्ष्मण शर्मा सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में रमेश गुप्ता, निर्भय राय, मनोज पांडेय, अनिल पांडेय, इंदु देवी, शिला त्रिवेदी, भुटेली तिवारी, संध्या पांडेय, रेखा गुप्ता, दीपक पांडेय, ओमज्योति भगत, कंचन देवी, जयप्रकाश राय, अविनाश पांडेय, भारत भूषण सिंह, नंद जी सिंह, धर्मराज पांडेय, श्रीकांत तिवारी, उमाशंकर राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।































































































