—-पुलिस ने 06 घंटे के भीतर आरोपियों को किया गिरफ्तार बक्सर खबर। जिले के कोरान सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत कंजअरुआ गांव में आपसी विवाद ने इस कदर तूल पकड़ा कि एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी मां-बेटी सहित एक विधि-विरुद्ध किशोरी को मात्र 06 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 04 अप्रैल को कंजअरुआ गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोंक-झोंक हुई। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट के दौरान सुनीता देवी नामक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने कोरान सराय थाना कांड संख्या 0-38/26 दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय आसूचना और साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी शुरू की और वारदात के महज 06 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार महिला ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि आपसी विवाद के कारण ही उसने इस घटना को अंजाम दिया।पुलिस ने कंचन देवी पति- विजय साह, अनिता कुमारी पिता- विजय साह और एक किशोरी को गिरफ्तार किया गया है। ये तीनों आरोपी कंजअरुआ गांव, थाना कोरान सराय के ही निवासी हैं। इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ पोलस्त कुमार के साथ अंचल निरीक्षक अरविन्द कुमार, कोरान सराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, पु०अ०नि० रामविलास पासवान, पु०अ०नि० सोनम कुमारी मुरार थाना, डी०आई०यू० टीम डुमरांव तथा कोरान सराय थाने के सशस्त्र बल शामिल थे।































































































