घर से बिना बताए निकला था, पुल से कूदकर आत्महत्या की आशंका बक्सर खबर। शहर में दो दिनों से लापता एक सफाईकर्मी का शव सोमवार को गंगा नदी से बरामद किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान सिविल लाइन मठिया मुहल्ला निवासी बोरा 50 वर्ष के रूप में हुई है, जो नगर परिषद में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार, वह शनिवार की सुबह बिना कुछ बताए घर से निकल गया था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। मृतक की पत्नी उषा देवी ने टाउन थाना में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस से खोजबीन की गुहार लगाई थी।
उन्होंने बताया कि उनके पति को शनिवार को काम पर जाना था, लेकिन वह अचानक घर से निकल गए और लापता हो गए। गुमशुदगी की सूचना मिलते ही पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। इसी बीच सोमवार को गंगा पुल के पास नदी में एक शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान लापता सफाईकर्मी के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सफाईकर्मी ने पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है।































































































