गेहूं खरीद की सुस्त रफ्तार पर डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार

0
117

628 एमटी लक्ष्य के मुकाबले अब तक सिर्फ 28.9 एमटी की हुई खरीद                                                          बक्सर खबर। मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में गेहूं अधिप्राप्ति टास्क फोर्स एवं सीएमआर आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रबी विपणन मौसम 2026-27 के तहत जिले को दिए गए गेहूं खरीद लक्ष्य की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले को इस सत्र में 628 मैट्रिक टन गेहूं अधिप्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2550 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। इसके बावजूद अब तक लक्ष्य के मुकाबले खरीद काफी धीमी रही है। जिले के 50 चयनित पैक्स एवं व्यापार मंडलों में से केवल डुमरांव, इटाढ़ी, नावानगर और राजपुर प्रखंड के 4 पैक्स द्वारा मात्र 6 किसानों से 28.9 मैट्रिक टन गेहूं की ही खरीद की गई है।

इस स्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों से व्यापक स्तर पर संपर्क स्थापित कर अधिक से अधिक गेहूं अधिप्राप्ति की जाए। वहीं, सीएमआर आपूर्ति की समीक्षा में पाया गया कि अब तक पैक्स एवं व्यापार मंडलों द्वारा 45,443 मैट्रिक टन सीएमआर राज्य खाद्य निगम को उपलब्ध कराया जा चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए आपूर्ति में और तेजी लाने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here