‌‌‌गणतंत्र दिवस को आक्रोशित किसान निकालेंगे ट्रैक्टर रैली

0
307

-सूचना के बाद हरकत में आया प्रशासन, डीआईजी ने किया दौरा
बक्सर खबर। चौसा के प्रभावित किसान गणतंत्र दिवस के दिन ट्रैक्टर रैली निकालेंगे। इसकी घोषणा प्रभावित किसान मोर्चा चौसा ने आज मंगलवार को विधिवत कर दी। लेकिन, इस सूचना ने प्रशासन को सकते में डाल दिया है। क्योंकि पिछले तीन-चार दिन से रैली निकालने की बात कही जा रही थी। लेकिन, अभी तक उसका ज्ञापन नहीं दिया गया था। प्रयास यह भी चल रहा था कि चौसा के किसान वहीं प्रदर्शन करें। लेकिन, इस बीच कुछ लोगों ने कहा कि रैली किला मैदान तक जाएगी। गणतंत्र दिवस समारोह के संपन्न हो जाने के बाद। वैसे इस जिले में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह किला में ही होता है। इस वजह से भी प्रशासन चिंतित है। लेकिन, किसानों का कहना है, समारोह संपन्न होने के बाद ऐसा होगा।

हालांकि किसी ने अभी तक रैली, आवेदन प्रशासन को सौंपा है यह स्पष्ट नहीं है। दूसरी तरफ अनहोनी की आशंका से पुलिस भी परेशान है। मंगलवार को शाहाबाद के डीआइजी एनसी झा ने मौके का दौरा किया। वे चौसा थर्मल पावर तक गए। उनके आगमन की सूचना पर एसपी मनीष कुमार भी पहुंचे थे। थर्मल पावर परिसर में फिलहाल दो कंपनी फोर्स तैनात कर दी गई है। पूछने पर उन्होंने कहा पुलिस सतर्कता के लिहाज से अपना काम कर रही है।

विवाद की वजह चौसा में बन रहे एसजेवीएन का थर्मल पावर है। जहां तक रेल व पानी की लाइन जाने के लिए भूमि अधिग्रहित हो रही है। बात उचित मुआवजे को लेकर शुरू हुई थी। लेकिन, अब वह कई बिंदुओं पर भटक रही है। क्योंकि इस आंदोलन में भारतीय किसान मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा का बैनर भी दिख रहा है। पिछले दिनों चौसा में हुए उपद्रव के बाद किसान नेता राकेश टिकैत भी किसानों से मिलने आए थे। उन्होंने ट्रैक्टर रैली का नारा दिया। इस वजह से आम जन में भी इस कदम को लेकर आशंका बनी हुई है। वैसे इस आंदोलन में अब नए-नए चेहरे नजर आ रहे हैं। जो कल तक नेता बनते दिख रहे थे, अब वे भी अपने को किसान बता रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here