ट्रक चालकों से वसूली करने वाला गिरोह बेनकाब, तीन गिरफ्तार

0
999

यादव मोड़ पर छापेमारी में 28,900 रुपये नकद और फर्जी रसीदों की पांच गड्डी बरामद                                     बक्सर खबर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में फर्जी रसीद के जरिए ट्रक चालकों से अवैध वसूली करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 28 हजार 900 रुपये नकद और फर्जी रसीदों की पांच गड्डी बरामद की है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यादव मोड़ के आसपास कुछ लोग कोयला लदे ट्रकों को रोककर अवैध वसूली कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की, जहां से रामबचन सिंह को दबोच लिया गया।

पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दानी कुटिया स्थित पेट्रोल पंप के पास से श्याम बिहारी सिंह तथा अखौरीपुर गोला के आगे पंजाबी ढाबा के पास से सैयद शाहनवाज को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान तीनों के पास से कुल 28,900 रुपये नकद और फर्जी रसीदों की पांच गड्डी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार इन रसीदों पर उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना क्षेत्रीय वन अधिकारी के हस्ताक्षर और मुहर अंकित थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन्हीं फर्जी रसीदों का इस्तेमाल कर ट्रक चालकों को भ्रमित किया जाता था और उनसे जबरन पैसे वसूले जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यूपी के गहमर थाना क्षेत्र के मगरखाई निवासी रामबचन सिंह, बारा निवासी सैयद शाहनवाज तथा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सौंवाबांध निवासी श्याम बिहारी सिंह के रूप में हुई है।

अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और विभिन्न स्थानों पर ट्रकों को रोककर फर्जी दस्तावेज दिखाकर अवैध वसूली करता था। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here