अभिभावकों के बीच बंटा प्रगति पत्र, ए ग्रेड में 93 छात्र सफल बक्सर खबर। सदर प्रखंड के मध्य विद्यालय नदांव में सोमवार को वार्षिक मूल्यांकन का परिणाम उत्साहपूर्ण माहौल में घोषित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर और कक्षाओं को उत्सव की तरह आकर्षक ढंग से सजाया गया था। अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति जानने के लिए अभिभावकों में भारी जागरूकता और उत्साह देखा गया। प्रधानाध्यापक डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह ने कक्षा एक से आठ तक के परिणामों की घोषणा की। प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। अभिभावक-शिक्षक बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक ने कहा कि यह परिणाम केवल बच्चों की मेहनत नहीं, बल्कि हमारे शिक्षकों के बेहतर शिक्षण कौशल का भी प्रमाण है। वहीं, उपस्थित अभिभावकों ने स्कूल की व्यवस्था की सराहना की और संकल्प लिया कि वे बच्चों को नियमित स्कूल भेजेंगे तथा उनके बेहतर भविष्य के लिए शिक्षकों के साथ मिलकर काम करेंगे।
प्रधानाध्यापक ने विस्तृत रिपोर्ट साझा करते हुए बताया कि इस वर्ष का परिणाम काफी सकारात्मक रहा है। आंकड़ों के अनुसार- ग्रेड ए: 93 छात्र, ग्रेड बी: 210 छात्र, ग्रेड सी: 195 छात्र, ग्रेड डी: 34 छात्र, ग्रेड ई: 11 छात्र, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जहां कई छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वहीं कुछ बच्चों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, जिसके लिए स्कूल और अभिभावक मिलकर प्रयास करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक रंजू कुमारी, अनंत कुमार, जयप्रकाश सिंह, संतोष कुमार सिंह, नसर आलम हाशमी और तृप्ति श्रीवास्तव की सक्रिय उपस्थिति रही। साथ ही, वर्ग शिक्षक प्रीति कुमारी, सत्यनारायण सिंह, अंजू शाक्या, सीमा कुमारी, मीरा कुमारी, सुनीता राज, उषा यादव, जागृति कुमारी, सोना मुनी, रागनी कुमारी और सुनीता जायसवाल ने अपनी-अपनी कक्षाओं को सुसज्जित कर प्रगति पत्र वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






























































































