संविधान निर्माता और कामरेड ज्योति प्रकाश को दी गई श्रद्धांजलि बक्सर खबर। शहर की सड़कों पर सोमवार को लाल झंडों का समंदर उमड़ पड़ा। अवसर था भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) के 11वें जिला सम्मेलन का, जिसकी शुरुआत एक बेहद आक्रामक और विशाल साम्राज्यवाद विरोधी मार्च के साथ हुई। स्थानीय रेलवे स्टेशन से निकली इस रैली के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने न केवल अपनी एकजुटता दिखाई, बल्कि वैश्विक राजनीति और केंद्र सरकार की नीतियों पर भी तीखा प्रहार किया। रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ यह मार्च शहर के मुख्य मार्ग स्टेशन रोड से होकर गुजरा। रैली में शामिल सैकड़ों कार्यकर्ता जोश और जुनून से लबरेज दिखे। पूरी सड़क अमेरिका-इजराइल-ईरान युद्ध पर रोक लगाओ, मोदी सरकार अमेरिका के सामने झुकना बंद करे और दुनिया को तबाही की ओर धकेलने वाली अमेरिकी नीतियों का विरोध करो जैसे गगनभेदी नारों से गूंज उठी। कार्यकर्ताओं ने साफ संदेश दिया कि वे साम्राज्यवाद और युद्धोन्माद के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।
यह विशाल रैली स्टेशन रोड से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंची। यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात, कारवां ज्योति प्रकाश चौक पहुंचा, जहां कामरेड ज्योति प्रकाश की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस शक्ति प्रदर्शन का नेतृत्व डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह, जिला सचिव नवीन कुमार, हरेंद्र राम और ललन प्रसाद जैसे दिग्गज नेताओं ने किया। रैली में विशेष रूप से सम्मेलन के पर्यवेक्षक राजू यादव भी मौजूद रहे। नेताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि आज देश की संप्रभुता और वैश्विक शांति दोनों ही खतरे में हैं, जिसके खिलाफ माले का संघर्ष जारी रहेगा। शहर का भ्रमण करने के बाद यह रैली बाईपास रोड स्थित एसएस पैलेस पहुंची, जहां विधिवत रूप से जिला सम्मेलन की कार्यवाही शुरू हुई। रैली में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और उत्साह को देखकर पार्टी नेतृत्व गदगद नजर आया।































































































