प्राथमिक विद्यालय खरहना में वार्षिक परीक्षा परिणाम के साथ शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी संपन्न बक्सर खबर। बिहार सरकार के निर्देशानुसार जिले के सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में सोमवार का दिन उत्सव के रूप में मनाया गया। इटाढ़ी प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय खरहना में भी वार्षिक परीक्षा के उपरांत रिपोर्ट कार्ड वितरण और शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान न केवल बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों का जश्न मनाया गया, बल्कि अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी को भी सम्मानित किया गया। सत्र की समाप्ति पर विद्यालय में बच्चों के उत्साह का ठिकाना नहीं था। विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रधान शिक्षक राकेश कुमार ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनकी साल भर की मेहनत का परिणाम है और उन्हें नए सत्र में और भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। इस कार्यक्रम की सबसे खास बात अभिभावकों का सम्मान रहा। विद्यालय प्रशासन ने एक नई पहल करते हुए उन माता-पिता को पैरेंट्स ऑफ द ईयर अवार्ड से नवाजा, जिन्होंने अपने बच्चों को न केवल नियमित रूप से स्कूल भेजा, बल्कि उनकी पढ़ाई-लिखाई और अनुशासन के प्रति भी सजग रहे। विद्यालय की इस पहल की शिक्षाविदों ने सराहना की है। प्रधान शिक्षक ने कहा कि शिक्षा केवल स्कूल की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि शिक्षक और अभिभावक जब एक साथ मिलकर प्रयास करते हैं, तभी बच्चों का भविष्य उज्जवल होता है। आज अभिभावकों को सम्मानित कर हमें गर्व महसूस हो रहा है।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस गौरवशाली क्षण में विद्यालय शिक्षा समिति के सभी सदस्य, शिक्षक अजीत राव आरपी, अतीन्द्र पाल, शिक्षिका आरती कुमारी समेत बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
































































































