अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी, समन्वय से सर्वांगीण विकास की अपील बक्सर खबर। इटाढ़ी प्रखंड के मध्य विद्यालय तुरईडिहरा में सोमवार को वार्षिक परीक्षाफल वितरण सह अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन उत्सवपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाध्यापक विकास कुमार के नेतृत्व में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इस अवसर पर सत्र 2025-26 के कक्षा एक से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को प्रधानाध्यापक, वर्ग शिक्षक एवं अभिभावकों के हाथों अंक पत्र वितरित किए गए। साथ ही अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विगत दिनों आयोजित खेलकूद एवं विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया। प्रधानाध्यापक विकास कुमार ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में प्रवेश से प्रगति तक विद्यालय और अभिभावक साथ-साथ थीम के तहत संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में रुचि लेने और सकारात्मक वातावरण प्रदान करने की अपील करते हुए कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बेहतर समन्वय से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। ऑनलाइन माध्यम से जुड़े शिक्षक डॉ. मनीष कुमार शशि ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को बधाई संदेश प्रेषित किया। संगोष्ठी में विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की ओर से सभी शिक्षकों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा आठ के छात्र-छात्राओं को स्थानांतरण प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही नए शैक्षणिक सत्र के लिए कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों के बीच पाठ्य-पुस्तकों का भी वितरण किया गया। इस मौके पर विश्वजीत कुमार, मोहित यादव, विंध्याचल प्रसाद, अनिल कुमार पाठक, सुहानी राय, उपेंद्र बहादुर, रविशंकर, राकेश कुमार, शुभम, प्रिंस, ललिता, आदित्य, सेजल, आयुष, विशाल, प्राची, लोकेश, रागिनी, शिवम, आकाश, कृष्णा, कुंजराज, आदित्य, आदर्श समेत कुल नब्बे छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।






























































































