एचपी गैस एजेंसी से मांगा स्पष्टीकरण, स्टॉक शून्य रखने और ई-केवाईसी में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई बक्सर खबर। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में मंगलवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस आपूर्ति, उर्वरक वितरण तथा आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने डुमरांव स्थित एचपी गैस एजेंसी माता श्री द्वारा स्टॉक शून्य रखने के मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को जिले की सभी गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर स्टॉक उपलब्धता का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया। डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या जमाखोरी की शिकायत मिलने पर तत्काल भौतिक सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिला कृषि पदाधिकारी को भी उर्वरक की कालाबाजारी की जांच कर अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि चौकीदारों के माध्यम से जिले में बाहर से लौटे प्रवासी मजदूरों का डाटाबेस तैयार किया जाए। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी गैस एजेंसी पर स्टॉक शून्य नहीं होना चाहिए। जहां अधिक बुकिंग हो रही है, वहां समन्वय बनाकर अतिरिक्त स्टॉक उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी शीघ्र पूरा कराएं और इसके लिए अलग काउंटर की व्यवस्था करें, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। डीएम ने यह भी कहा कि यदि किसी उपभोक्ता ने गैस का उठाव नहीं किया है, फिर भी उसके मोबाइल पर डिलीवरी का संदेश आता है, तो इसकी गंभीरता से जांच कराई जाए, अन्यथा संबंधित एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को स्थानीय गैस एजेंसियों के स्टॉक का सत्यापन करने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में यह जानकारी दी गई कि जिले में पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। बैठक में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, अपर समाहर्त्ता अरुण कुमार सिंह, अपर समाहर्त्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।






























































































