विदाई-सह-स्वागत समारोह में कर्मियों ने उनके कर्तव्यनिष्ठ कार्यकाल को किया याद बक्सर खबर। शहर के बाजार समिति रोड स्थित जिला समादेष्टा कार्यालय परिसर में मंगलवार को जिला अग्निशमन कार्यालय द्वारा एक भावपूर्ण एवं गरिमामय विदाई-सह-स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव के बक्सर से बेगूसराय स्थानांतरण के अवसर पर उनके सम्मान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का माहौल भावनाओं से भरा रहा। अपने सरल स्वभाव, कुशल नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा और कर्मियों के प्रति आत्मीय व्यवहार के कारण विनोद कुमार यादव ने अग्निशमन विभाग में एक अलग पहचान बनाई। उनके कार्यकाल में विभागीय अनुशासन मजबूत हुआ, आपदा प्रबंधन क्षमता में वृद्धि हुई और जनसेवा के कार्यों को नई दिशा मिली। उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों ने उनके योगदान को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
समारोह में सदर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, डुमरांव अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी शिखा कुमारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। सभी ने विनोद कुमार यादव के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और नई जिम्मेदारी में सफल कार्यकाल की कामना की। कई कर्मियों ने अपने संबोधन में कहा कि उनका मार्गदर्शन सदैव प्रेरणा देता रहेगा। इसी क्रम में नवपदस्थापित जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुभाष सिंह का भी आत्मीय स्वागत किया गया। अधिकारियों एवं कर्मियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में अग्निशमन विभाग नई ऊंचाइयों को छुएगा।






























































































